झाबुआ

वीआईपी कल्चर छोड़ मिनी बस में सवार होकर निकले अधिकारी, मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत पिटोल में प्रशासनिक अमले ने किया औचक निरीक्षण

चीफ एडिटर दशरथ सिंह कट्ठा

झाबुआ…मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत प्रशासनिक अमले ने वीआईपी कल्चर को पीछे छोड़ एक अनूठी पहल की है। एसडीएम महेश मंडलोई, डिप्टी कलेक्टर सुनील डावर और तहसील स्तर के सभी अधिकारी एक साथ मिनी बस में सवार होकर पिटोल पहुंचे। 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक चलने वाले इस अभियान का मुख्य उद्देश्य संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी के साथ सीधे गांवों और आमजन तक पहुंचना है।
एसडीएम महेश मण्डलोई और डिप्टी कलेक्टर सुनील डावर की अगुवाई में प्रशासनिक दल ने पिटोल की विभिन्न सरकारी व गैर-सरकारी संस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पेट्रोल पंप, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पशु चिकित्सालय, आदिवासी सेवा सहकारी संस्था की राशन दुकान, खाद वितरण केंद्र, गैस गोदाम और बस स्टैंड का जायजा लिया गया। बस स्टैंड पर अस्थाई अतिक्रमण से हो रही परेशानी को देखते हुए तहसीलदार को तुरंत अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। वहीं, बस स्टैंड पर सुविधा घर की कमी को भांपते हुए निर्माण कार्य जल्द पूरा करने को कहा गया। पिटोल के हायर सेकेंडरी स्कूल के निरीक्षण में सामने आया कि 97 विद्यार्थियों के लक्ष्य के मुकाबले केवल 67 साइकिलें ही वितरित हुई हैं, जिस पर उन्होंने शेष विद्यार्थियों को शीघ्र साइकिलें बांटने के निर्देश दिए।

पैदल भ्रमण कर संवाद किया

ग्रामीणों के विशेष आग्रह पर प्रशासनिक अमला पैदल चलकर पिटोल के प्रमुख मार्गों पर घूमा और आम नागरिकों से संवाद किया। 7 अगस्त 2026 को आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों ने पंचायत द्वारा नदी के पानी के मिश्रण से मटमैला पेयजल मिलने की शिकायत की। स्थल निरीक्षण के बाद यह सुझाव सामने आया कि ग्राम में निर्मित नवीन सार्वजनिक डगवेल को पाइप जल प्रदाय योजना से जोड़कर स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकती है, जिसे प्राथमिकता पर तकनीकी परीक्षण के बाद अमलीजामा पहनाने की अनुशंसा की गई।अभियान के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी लंबित शिकायतों का मौके पर ही संतुष्टिपूर्वक निराकरण करवाया गया। आज की कार्रवाई के तहत पीएचई विभाग की 07, खाद्य विभाग की 04, राजस्व विभाग की 05, एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की 05 शिकायतों सहित कुल 21 सीएम हेल्पलाइन शिकायतों को संतुष्ट करके बंद कराया गया।

कालाखूंट में जनसंवाद किया

समीपस्थ कालाखूँट पंचायत पर एकत्रित जनसमुदाय के बीच एसडीएम मण्डलोई ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यालयों तक सीमित न रहकर खुद चलकर गांवों तक पहुंचना और संवाद, समाधान, संवेदनशीलता व सादगी के साथ लोगों के बीच जाना है। इसके अलावा, ग्राम खटापानी और कालाखूँट के ग्रामीणों द्वारा 06 खराब हैंडपंपों की मरम्मत के लिए आवेदन दिए गए, जिस पर मैदानी अमले को तत्काल सुधार कार्य के निर्देश दिए गए। इस दौरे के दौरान एसडीएम महेश मण्डलोई, डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी तहसीलदार सुनील डावर, जिला खाद्य अधिकारी संजय पाटील, सीईओ जनपद चंद्रसिंह मण्डलोई, और एई पीएचई दयालु राठोर सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button